दंतेवाड़ा, जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी आवश्यक ईंधनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा नियमित रूप से आपूर्ति भी जारी है। वर्तमान में जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का लगभग 1000 नग स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गैस, पेट्रोल या डीजल की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा जबरन स्टॉक करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज की जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न करें और ईंधन का सिमित उपयोग करें।
बताया गया है कि उज्ज्वला योजना के कुछ उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय तक बुकिंग न करने के बाद अचानक पैनिक बुकिंग करने से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे अनावश्यक दबाव बनता है, जो कालाबाजारी और जमाखोरी को बढ़ावा दे सकता है। प्रशासन ने ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर भी कार्रवाई जारी है। अब तक इस प्रकार के 4 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं की सुविधा एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के लिए दूरभाष नंबर 07856-252412 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष सक्रिय है, जिसका टोल फ्री नंबर 18002333663 है। जिला प्रशासन ने पुनः नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अफवाहों से दूर रहें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।
Tags
दंतेवाड़ा अपडेट