किरंदुल में श्रमजीवी पत्रकार संघ की मासिक बैठक सम्पन्न, संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन।

नव नियुक्त जिला अध्यक्ष आज़ाद सक्सेना का हुआ स्वागत, पत्रकारों को वितरित किए गए नए पहचान पत्र। 
किरंदुल। श्रमजीवी पत्रकार संघ दंतेवाड़ा इकाई की मासिक बैठक गुरुवार को किरंदुल में आयोजित की गई। बैठक में किरंदुल, बचेली, नकुलनार और दंतेवाड़ा क्षेत्र से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत संघ के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष आज़ाद सक्सेना के स्वागत एवं अभिनंदन से हुई। उपस्थित सदस्यों ने उनके पूर्व कार्यकाल और कार्यशैली की सराहना करते हुए संगठन के प्रति उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक के दौरान आगामी वर्ष में संघ के बेहतर संचालन, पत्रकार हितों की रक्षा तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावशाली बनाने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने अपने सुझाव और अनुभव साझा करते हुए संगठन को नई दिशा देने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में प्रदेश स्तर से जारी नवीन पहचान पत्रों का वितरण किया गया। सभी पत्रकार साथियों को नए आई-कार्ड सौंपे गए। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सदस्यों ने संघ के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से करने की बात कही।
बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी राजेंद्र सक्सेना, डॉ. राम कृष्णा बैरागी, संजू दास, अमलेन्दु चक्रवर्ती, जीतू चौधरी, नफीस कुरैशी, शेखर दत्ता, डीएम सोनी, किशोर जाल, सलमान नवाब, रवि दुर्गा, लखन दुर्गा, रघु राव, गेंदलाल मरावी, आशा कर्मा एवं विरु गौतम सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post