भांसी में एनएमडीसी की नई स्वास्थ्य पहल।

सुदूर ग्रामीणों तक पहुंची मुफ्त चिकित्सा सेवा, 132 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण। 

बचेली/भांसी। NMDC Limited बचेली परियोजना के सीएसआर विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए मंगलवार को भांसी में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर Apollo Hospitals के सहयोग से संचालित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाभ उठाया।
शिविर में ग्रामीणों के लिए बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य जांच शिविर में कुल 132 ग्रामीणों ने अपनी जांच कराई। विशेष रूप से सुदूर क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम की शुरुआत एनएमडीसी बचेली के परियोजना प्रमुख श्रीधर कोडाली की उपस्थिति में हुई। इस दौरान महेश एस. नायर (महाप्रबंधक मानव संसाधन), सौरभ कुमार एवं जोसी थॉमस (उप-महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं सीएसआर), डॉ. श्यामली रॉय (मुख्य चिकित्सा प्रशासक, एनएमडीसी अपोलो अस्पताल बचेली), अन्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, भांसी के सरपंच-सचिव तथा एनएमडीसी कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि श्रीधर कोडाली ने कहा कि एनएमडीसी बचेली अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और आने वाले समय में भी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निरंतरता बनाए रखने के लिए कार्य करता रहेगा।
सीएसआर विभाग ने बताया कि भविष्य में भी आसपास के गांवों में इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post