बचेली-किरंदुल मार्ग पर बड़ा हादसा टला: स्टेरिंग लॉक होने से अनियंत्रित होकर पलटी जेसीबी, चालक सुरक्षित


पाड़ापुर (दंतेवाड़ा): बचेली से किरंदुल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पाड़ापुर के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अनियंत्रित होकर एक जेसीबी (JCB) मशीन मार्ग पर ही पलट गई। दुर्घटना का मुख्य कारण जेसीबी का स्टेरिंग लॉक हो जाना बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में ड्राइवर समेत किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है।

चालक के मुताबिक, वाहन चलाते समय अचानक स्टेरिंग लॉक हो गया, जिसके चलते जेसीबी से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क पर ही पलट गया।

घटना के तुरंत बाद मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और लगभग आधे घंटे तक गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही। बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से वाहनों को सड़क के किनारे बाईपास से सुरक्षित निकाला गया, जिससे आवागमन फिर से बहाल हो सका।

फिलहाल, दुर्घटनाग्रस्त जेसीबी को रास्ते से हटाने और सीधा करने का प्रयास जारी है। किसी भी प्रकार की जनहानि न होने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Post a Comment

Previous Post Next Post