बचेली :- युवा कांग्रेस द्वारा किरायेदार सत्यापन, बाहरी लोगों की जांच और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग, अपराध पर लगाम को लेकर बढ़ा दबाव थाने में सौंपा ज्ञापन।

15 दिन में कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी, किरायेदार सत्यापन और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग तेज। 

बचेली / दंतेवाड़ा।
नगर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और बाहरी व्यक्तियों की अनियंत्रित आमद को लेकर युवा कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक अध्यक्ष विजय कुमार भोगामी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना बचेली पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि दंतेवाड़ा जिला तेजी से औद्योगिक और व्यावसायिक बदलावों के दौर से गुजर रहा है, लेकिन इसके साथ ही बाहरी राज्यों और अन्य जिलों से आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे कानून-व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कई बाहरी लोग बिना पुलिस सत्यापन के किराए के मकानों में रह रहे हैं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। हाल के दिनों में चाकूबाजी, जानलेवा हमले और चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी से आम नागरिक, खासकर महिलाएं, असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
संगठन ने यह भी कहा कि निजी कंपनियों द्वारा बड़ी संख्या में बाहरी श्रमिकों को बुलाया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं के रोजगार पर संकट गहराता जा रहा है और असंतोष बढ़ रहा है।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, कंपनियां अपने श्रमिकों की पूरी जानकारी थाने में जमा करें, श्रमिकों के आवास की सूची उपलब्ध कराएं और बिना सूचना ठहरने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही बाहरी श्रमिकों के पहचान पत्र और श्रम कार्ड की सघन जांच तथा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।
इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता सलमान नवाब, जिला उपाध्यक्ष अजय उइके, जिला सचिव आकाश नियाल, जिला महासचिव सुनील गाईन, नगर अध्यक्ष आयुष खोबरगड़े सहित यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता देवराज, गौरव, नवीन, आदित्य, शैलेन्द्र, सत्या, सचिन, रविंद्र और त्रिशु मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post