बरसात में बढ़ा खतरा, वार्डों में पसरा अंधेरा… जहरीले जीव-जंतुओं और चोरी की आशंका से सहमे लोग, नगरवासियों ने स्ट्रीट लाइटें तत्काल दुरुस्त करने की उठाई मांग।

बचेली। लाखों रुपये की लागत से नगर को रोशन करने के उद्देश्य से लगाई गई स्ट्रीट लाइटें आज खुद अंधेरे में डूबी नजर आ रही हैं। नगर के गौरवपथ सहित कई वार्डों में बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिससे बरसात के मौसम में लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाम ढलते ही कई इलाकों में घना अंधेरा छा जाता है। बारिश के दौरान जहरीले सांप, बिच्छू और अन्य जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी और असामाजिक गतिविधियों की आशंका से भी लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
नगरवासियों का आरोप है कि गौरवपथ पर लाखों रुपये खर्च कर लगाई गई रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटें एक साल भी ठीक से नहीं चल सकीं और अब अधिकांश स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं। रखरखाव के अभाव में लाखों की सार्वजनिक राशि पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि पालिका प्रशासन इस गंभीर समस्या के प्रति उदासीन बना हुआ है, जबकि जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है। नागरिकों ने मांग की है कि नगर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और रोशन वातावरण मिल सके।