भीम आर्मी एकता मिशन ने बचेली में फूंका संगठन विस्तार का बिगुल।

भुनेंद्र बानेकर बने तहसील अध्यक्ष, दिनेश कश्यप को उपाध्यक्ष और मोहम्मद शमीम को सचिव की जिम्मेदारी

बचेली। भीम आर्मी एकता मिशन के संगठन विस्तार एवं आगामी जनहित के मुद्दों को लेकर बचेली स्थित आदिवासी भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से भीम आर्मी एकता मिशन की तहसील स्तरीय टीम का गठन किया गया। इसमें भुनेंद्र बानेकर को तहसील अध्यक्ष, दिनेश कश्यप को उपाध्यक्ष तथा मोहम्मद शमीम को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का संगठन के सदस्यों द्वारा माला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं। पदाधिकारियों ने संगठन की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।

एनएमडीसी के मुद्दों पर भी बनेगी ठोस रणनीति

बैठक में आगामी 10 सितंबर को एनएमडीसी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपने की रणनीति भी तैयार की गई। संगठन की ओर से एनएमडीसी में स्थानीय युवाओं की एल-1 और एल-2 भर्ती शीघ्र कराने, प्रभावित क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सीएसआर मद की राशि का स्थानीय जरूरतों और प्रभावित क्षेत्रों के विकास में प्रभावी उपयोग किए जाने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।

संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय युवाओं के अधिकार और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। इसके लिए आने वाले समय में आंदोलन को भी व्यापक रूप देने की तैयारी है।

संभाग स्तरीय प्रदर्शन में जुटेंगे सैकड़ों कार्यकर्ता

बैठक में आगामी संभाग स्तरीय एक दिवसीय प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा हुई। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। वहीं बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों द्वारा भी साथ दिए जाने की बात सामने आई है।

बैठक में जिला संगठन मंत्री गजेंद्र ताती, जिला उपाध्यक्ष आशा राम कर्मा, जिला युवा अध्यक्ष भवानी प्रसाद तामो, जिला सचिव डी.एम. सोनी, जिला कार्यकारिणी सदस्य हिड़मा मंडावी, जिला कार्यकारिणी सदस्य शंकर लाल नाग, जिला कार्यालय सचिव राजू मंडावी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन विस्तार के साथ स्थानीय मुद्दों की आवाज को मजबूत करना ही प्राथमिक लक्ष्य है। आने वाले दिनों में क्षेत्र के युवाओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार सक्रिय भूमिका निभाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post