नुक्कड़ नाटक के जरिए विद्यार्थियों को योजनाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति किया जागरूक
दंतेवाड़ा। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, दंतेवाड़ा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य स्तरीय नुक्कड़ नाटक दल ने नशा मुक्ति एवं महतारी वंदन योजना को केंद्र में रखते हुए प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय और संवादों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित दर्शकों को नशे के दुष्परिणामों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। प्रस्तुति के दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में नमो सेवा गाथा कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं प्रदेश मंत्री अ.ज.जा. मोर्चा श्री रामूराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं श्री मुकेश शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री किरेन ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तिलेश्वरी नागेश तथा विद्यालय एसएमडीसी अध्यक्ष श्री जयराम कश्यप सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों एवं नुक्कड़ नाटक दल का स्वागत कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री बी.बी. चक्रवर्ती तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा किया गया।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘कुछ अनकही कहानियां’ नामक नुक्कड़ नाटक का मनमोहक प्रस्तुतीकरण किया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने सामाजिक जागरूकता और जनहित के संदेश को प्रभावी ढंग से सामने रखा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री बी.बी. चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, कलाकारों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से नशा मुक्ति, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।
Tags
दंतेवाड़ा अपडेट