संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक सक्रियता के चलते पार्टी नेतृत्व ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
बचेली।
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी ओम सोनी को सौंपे जाने से जिलेभर में उत्साह का माहौल है। नियुक्ति की घोषणा के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया है।
ओम सोनी लंबे समय से सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय हैं और समाज सेवा के क्षेत्र में उनकी सशक्त पहचान रही है। वे स्वयं पिछड़ा वर्ग से आते हैं, ऐसे में पार्टी और समाज के बीच मजबूत सेतु के रूप में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने में उनके अनुभव और कार्यशैली से नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि ओम सोनी पूर्व में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री के पद पर रहते हुए संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। इसके अलावा वे विश्व बजरंग दल के जिला अध्यक्ष तथा पीपल्स केयर एनजीओ के प्रांतीय उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का भी निर्वहन कर चुके हैं। विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक पदों पर रहते हुए उन्होंने जनसेवा और संगठन विस्तार में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बनने के बाद बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है। पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सोशल मीडिया के माध्यम से और व्यक्तिगत रूप से भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी ने भी ओम सोनी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ओम सोनी के नेतृत्व में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिले में और अधिक मजबूत होगा तथा समाज के हित में प्रभावी एवं सार्थक कार्य करेगा।
Tags
गीदम अपडेट