दंतेवाड़ा। कमेली मैदान में आयोजित 12 पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिता ने ग्रामीण खेल जगत में एक नई मिसाल कायम कर दी। 12 पंचायतों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
मैदान की साज-सज्जा, मंच व्यवस्था और अनुशासित संचालन इतना शानदार था कि माहौल किसी बड़े शहर के आयोजन जैसा प्रतीत हो रहा था। ग्रामीण क्षेत्र में इस स्तर का भव्य आयोजन अपने आप में एक उपलब्धि माना जा रहा है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनप्रतिनिधि करण तामो, अजय तेलाम, रमेश गावड़े, मीरा भास्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेलों से ही युवा ऊर्जा को सही दिशा मिलती है।
कार्यक्रम में NMDC Limited के उच्च अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। अधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। प्रतियोगिता में कबड्डी, क्रिकेट, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्सी खींच जैसे खेलों में खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। हर मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा और दर्शकों की तालियों से मैदान गूंजता रहा।
समापन समारोह के दौरान ग्रामवासियों और खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर था। गानों की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया, जिससे पूरा कमेली मैदान उत्सव में बदल गया।
आयोजनकर्ताओं की मेहनत और समर्पण इस सफलता की असली कहानी है। उनकी लगन और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के कारण यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि ग्रामीण एकता, ऊर्जा और भव्यता का प्रतीक बन गई। आयोजन समिति ने घोषणा की कि भविष्य में भी इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को निरंतर मंच मिलता रहे और कमेली खेल गतिविधियों का केंद्र बन सके।
Tags
दंतेवाड़ा अपडेट