बचेली। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बचेली के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ( छोटू ) ने रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की मौजूदा सरकार जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर पूरी तरह उदासीन नजर आ रही है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन सरकार इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
राजेंद्र कुमार ने कहा कि रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। पहले से महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी बड़ी परेशानी बन गई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आम जनता को राहत देने के लिए रसोई गैस की कीमतों को नियंत्रित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार बढ़ते अपराध और नशीली खेती का फैलाव छत्तीसगढ़ के माहौल को प्रभावित कर रहा है। इसका सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गंभीर मुद्दों पर नियंत्रण पाने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार जनता की असली समस्याओं से ध्यान भटकाकर केवल बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार मार्च 2026 तक नक्सलियों के खात्मे की बात कर रही है, जो स्वागत योग्य है और प्रदेश की जनता भी शांति व विकास चाहती है। लेकिन दूसरी ओर बढ़ती आपराधिक घटनाएं सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
राजेंद्र कुमार ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में प्रदेश की जनता के हित में काम करना चाहती है तो उसे बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की कीमतों, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस पहल करनी होगी, तभी प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल स्थापित हो सकेगा।
Tags
बचेली अपडेट