मिस्ड कॉल के बाद ओटीपी नहीं आने से उपभोक्ता परेशान, कमर्शियल सिलेंडर खत्म होने से होटल-ढाबा संचालकों की बढ़ी मुश्किल।
बचेली। घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के बीच अब बचेली में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सिलेंडर वितरण प्रक्रिया में आ रही तकनीकी समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार गैस बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं को मिस्ड कॉल देने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होता है, जिसके बाद ही सिलेंडर वितरण की प्रक्रिया पूरी होती है। लेकिन अब उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी नहीं पहुंच रहा है, जिसके चलते एजेंसियों के सामने लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है।
हालांकि जिला खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की है और साथ ही कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर भी पैनी निगाह बनाए रखने की बात कही है।
इसके बावजूद ओटीपी नहीं आने की समस्या के कारण उपभोक्ता घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हो रहे हैं। इधर घर पहुंच सेवा भी लगभग बंद होने से लोगों को एजेंसी तक पहुंचकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर कमर्शियल गैस सिलेंडर का स्टॉक खत्म होने से होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की परेशानी और बढ़ गई है।
नियमों के अनुसार इन व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करना अवैध माना जाता है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से अब संचालकों के सामने संचालन जारी रखना भी चुनौती बन गया है।
ऐसे में उपभोक्ता और व्यवसायी दोनों ही संबंधित विभाग से जल्द समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं, ताकि गैस वितरण व्यवस्था सामान्य हो सके।
Tags
बचेली अपडेट