गीदम के पहुरनार में जल महा उत्सव पखवाड़ा का भव्य समापन, जल संरक्षण का दिया गया सशक्त संदेश।

दंतेवाड़ा, 24 मार्च 2026

विकासखंड गीदम के ग्राम पंचायत पहुरनार में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित जल महा उत्सव (जल उत्सव पखवाड़ा) का भव्य समापन उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कार्यपालन अभियंता के निर्देशन में किया गया, जिसमें विभाग के सहायक अभियंता, उप अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जल जीवन मिशन के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और इसके दीर्घकालिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को नल-जल योजना के सफल संचालन में सामुदायिक सहभागिता की अहम भूमिका समझाई। उन्होंने बताया कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहयोग से ही संभव है।
इस अवसर पर वीडब्ल्यूएससी (VWSC) सदस्यों, जल बहिनियों, नल-जल मित्रों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बालक आश्रम के बच्चों ने आकर्षक रंगोली के माध्यम से संदेश दिया, वहीं महिलाओं और बच्चों ने “जल बचाओ” के नारों के साथ जागरूकता रैली निकालकर पूरे गांव का माहौल जल संरक्षण के संदेश से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान जल बहिनियों को फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे गांव में पानी की शुद्धता की निगरानी कर सकें। साथ ही “जल अर्पण” और “जल दिवस” का आयोजन करते हुए वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
समापन अवसर पर ग्राम सरपंच को जल अर्पण प्रमाण पत्र एवं हस्तांतरण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जिससे हर व्यक्ति अपने स्तर पर पानी बचाने का संकल्प ले सके।
इस सफल आयोजन में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और विभागीय टीम का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि “जल है तो कल है”, और इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास ही भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post