आयुष विभाग का सराहनीय प्रयास: जिला जेल दंतेवाड़ा में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 76 कैदियों को मिला लाभ।

दंतेवाड़ा, 24 मार्च 2026।
आयुष विभाग द्वारा जिला जेल दंतेवाड़ा में स्वास्थ्य परीक्षण एवं निदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस पहल के तहत जेल प्रशासन के सहयोग से कैदियों को व्यवस्थित रूप से उनके रोग के अनुसार जांच एवं उपचार के लिए शिविर स्थल तक पहुंचाया गया।
शिविर में कुल 76 कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जहां आयुर्वेद एवं होम्योपैथी पद्धति के माध्यम से जांच कर आवश्यक औषधियां प्रदान की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कैदियों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श भी दिया, जिससे उन्हें बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगदम्बा पण्डा एवं होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र शर्मा ने कैदियों का परीक्षण किया। वहीं आयुष विभाग के फार्मासिस्ट श्री जयनारायण कंवर और औषधालय सेवक श्री मानसिंह नेताम ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम जिला आयुष अधिकारी डॉ. जे.आर. नेताम के मार्गदर्शन एवं संचालनालय आयुष, रायपुर (छत्तीसगढ़) के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि जिला जेल में प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ मंगलवार को इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से लगाए जाते हैं, जिससे कैदियों को निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
 यह पहल कैदियों के स्वास्थ्य सुधार के साथ-साथ उनके मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post