गीदम से बारसूर तक जर्जर सड़क से परेशान जनता, प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम।
बारसूर/दंतेवाड़ा:
गीदम से लेकर बारसूर तक मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्र में जनाक्रोश चरम पर पहुंच गया है। आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं और आवागमन में हो रही भारी परेशानियों के विरोध में आज बारसूर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्का जाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आम जनता का चलना-फिरना तक मुश्किल हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक गंभीर नहीं दिख रहा।
चक्का जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा। मौके पर पहुंचे तहसीलदार एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया।
प्रमुख उपस्थिति:
इस आंदोलन में महिला कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव एवं जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा, महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा, महिला जिला अध्यक्ष इंद्रा शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष कीरत अलामी, पीसीसी मेंबर रूपधर मांझी, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कर्मा, सुमित्रा सोरी, जिला महामंत्री रविश सुराना, ब्लॉक प्रभारी विमल सलाम, आसिफ़ रज़ा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गणेश दुर्गा, जिला उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम नाग, उमेश कश्यप, जिला महासचिव अविनाश सरकार, ब्लॉक नगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर जनता और जनप्रतिनिधियों का यह विरोध प्रशासन के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है कि यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र हो सकता है।
Tags
बारसूर अपडेट