दंतेवाड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त।

सूने मकान पर छापा, आरोपी फरार—वाहनों सहित 2.53 लाख का माल बरामद। 

दंतेवाड़ा। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम पातररास में एक सूने मकान पर दबिश देकर पुलिस ने 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसडीपीओपी पर्यवेक्षण में की गई। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में 3 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने छापेमारी को अंजाम दिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पातररास क्षेत्र में एक मकान में भारी मात्रा में अवैध शराब डंप कर रखी गई है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।
मकान की तलाशी के दौरान एक कमरे से 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। साथ ही एक हीरो होंडा ग्लैमर मोटरसाइकिल और एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 53 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 36 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post