बचेली में एटीएम स्क्रीन को मुक्कों से किया क्षतिग्रस्त, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर युवक को भेजा जेल।
टूटने की वजह से एटीएम से पैसे निकालने में ग्राहक हुए परेशान।
बचेली। दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में एसबीआई बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। घटना उस समय हुई जब युवक एटीएम से दोबारा पैसे निकालने का प्रयास कर रहा था और लेनदेन विफल होने पर उसने गुस्से में आकर मशीन को नुकसान पहुंचा दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन एवं एसडीओपी कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में थाना बचेली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में 18 जून 2026 को प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान पता चला कि तामोपारा बचेली निवासी साहिल तामो (19 वर्ष) सुबह लगभग 6:31 बजे एसबीआई एटीएम में पैसे निकालने पहुंचा था। एक बार सफलतापूर्वक राशि निकालने के बाद उसने दोबारा लेनदेन का प्रयास किया, लेकिन पैसा नहीं निकलने पर वह आक्रोशित हो गया। गुस्से में उसने एटीएम मशीन पर मुक्के बरसाए, जिससे मॉनिटर स्क्रीन क्षतिग्रस्त हो गई।
मामले की जांच के दौरान युवक से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के समय भी वह आक्रोशित होकर थाना परिसर में हंगामा करने लगा। स्थिति को देखते हुए और किसी संभावित संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए पुलिस ने उसे बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया।
पुलिस का संदेश
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी तकनीकी समस्या या बैंकिंग लेनदेन में दिक्कत आने पर संयम बरतें और संबंधित बैंक अथवा हेल्पलाइन से संपर्क करें। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना कानूनन अपराध है, जिसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
बचेली अपडेट