पलंग-दीवान बेचने के नाम पर घूम रहे बाहरी वाहन का 4800 रुपये का चालान, जिले की सीमा छोड़ने के निर्देश।
बचेली। लौह नगरी बचेली में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बचेली पुलिस लगातार सतर्कता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस ने बिना मुसाफिरी दर्ज कराए एवं बिना पूर्व सूचना के क्षेत्र में फेरी कर सामान बेच रहे एक बाहरी वाहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4800 रुपये का चालान किया।
जानकारी के अनुसार एमपी पासिंग पिकअप वाहन क्रमांक MP13 GA 9671 का चालक शोभाराम चौहान (31 वर्ष) निवासी उज्जैन (मध्यप्रदेश) वर्तमान में जगदलपुर निवासी, बचेली क्षेत्र में पलंग, दीवान, गद्दा और कुर्सियां बेचने के नाम पर घूमते हुए पाया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ एवं दस्तावेजों की जांच के दौरान आवश्यक सूचना और अनुमति नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 4800 रुपये का चालान काटा गया तथा वाहन चालक को जिले की सीमा से बाहर जाने की हिदायत दी गई।
थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत बाहरी व्यक्तियों, फेरी वालों, किरायेदारों एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कार्रवाई के दौरान एसआई निर्मलकर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
ज्ञात हो कि पिछले दिनों कटेकल्याण में एक दो साल की बच्ची के अपहरण की अफवाह उड़ी थी हालांकि बच्ची मिल गई थी परंतु मामले में अभी भी रहस्य बना हुआ है।
थाना प्रभारी ने नगरवासियों एवं ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी बाहरी फेरी वाले, संदिग्ध व्यक्ति अथवा अनजान गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही मकान मालिक अपने किरायेदारों का सत्यापन कर उनकी जानकारी थाना में उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी संभावित अपराध या अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
बचेली पुलिस का यह अभियान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Tags
बचेली अपडेट