बचेली : — NMDC की भर्ती अधिसूचना क्रमांक 03/2025 (L1-L2) की प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर दंतेवाड़ा जिले के बेरोजगार अभ्यर्थियों और जिला पंचायत के सदस्यों ने गुरुवार को एनएमडीसी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। जिला पंचायत सदस्य तूलिका कर्मा के नेतृत्व में अभ्यर्थियों और जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य महाप्रबंधक श्रीधर कोडाली को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि भर्ती अधिसूचना जारी हुए एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक परीक्षा और चयन प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। इससे जिले के सैकड़ों युवाओं को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा कई अभ्यर्थियों की आयु सीमा भी प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि भर्ती जिस नियमावली के तहत निकाली गई थी, उसी के अनुसार शीघ्र परीक्षा और चयन प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
मुख्य महाप्रबंधक श्रीधर कोडाली ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि इस विषय पर मुख्यालय स्तर पर चर्चा चल रही है और कुछ आपत्तिजनक बिंदुओं पर निर्णय लिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “इस मामले में हमारे हाथ में कुछ नहीं है, फैसला मुख्यालय से ही होगा।”
इसके बाद तूलिका कर्मा ने एनएमडीसी मुख्यालय के कार्मिक विभाग के प्रमुख भर्ती प्रभारी सुधांशु वर्मा से फोन पर चर्चा की। सुधांशु वर्मा ने जल्द ही इस मामले पर ठोस जवाब देने का आश्वासन दिया। तूलिका कर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो सभी बेरोजगार युवा मिलकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जिले के अभ्यर्थियों का कहना है कि NMDC की इस भर्ती की काफी उम्मीदें हैं, लेकिन लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता ने युवाओं को हताशा की ओर धकेल दिया है। वे चाहते हैं कि प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से और शीघ्र पूरी की जाए।
Tags
बचेली अपडेट