रोजगार, पुनर्वास और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की मांग को लेकर निकाली विशाल बाइक रैली, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
दंतेवाड़ा। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान तथा प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सुयाल नाग के मार्गदर्शन में सोमवार को दंतेवाड़ा में हजारों कार्यकर्ताओं ने विशाल बाइक रैली और जनशक्ति प्रदर्शन किया। दंतेवाड़ा से शुरू हुई यह रैली गीदम होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंची, जहां नीले ध्वजों और "जय भीम" के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली। हाथों में नीले झंडे और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। अंबेडकर पार्क में आयोजित सभा में संगठन के पदाधिकारियों और वक्ताओं ने क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए सामाजिक न्याय, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अधिकारों को लेकर आवाज बुलंद की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बैलाडीला क्षेत्र से दशकों से लौह अयस्क का दोहन हो रहा है, जिससे देश और राज्य को भारी राजस्व प्राप्त हुआ है, लेकिन खनन प्रभावित आदिवासी और मूलनिवासी परिवार आज भी रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय युवाओं को एनएमडीसी की परियोजनाओं और ठेका कार्यों में प्राथमिकता देने, विशेष भर्ती अभियान चलाने तथा कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई।
सभा के बाद हजारों कार्यकर्ताओं ने अनुशासित पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया। वहां प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर खनन प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, रोजगार और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ दंतेवाड़ा जिला अस्पताल को सर्वसुविधायुक्त सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की मांग रखी।
ज्ञापन में जिला अस्पताल को कम से कम 300 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उन्नत करने, कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, नेफ्रोलॉजिस्ट, स्त्री रोग विशेषज्ञ और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति करने तथा सीटी स्कैन, एमआरआई, डायलिसिस यूनिट, ट्रॉमा सेंटर, वेंटिलेटर युक्त आईसीयू, एनआईसीयू और 24×7 ब्लड बैंक जैसी जीवनरक्षक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही दूरस्थ ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के मरीजों के लिए आधुनिक एम्बुलेंसों की संख्या बढ़ाने की भी आवश्यकता बताई गई।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने स्पष्ट किया कि विकास तभी सार्थक माना जाएगा जब खनन प्रभावित लोगों को उनका अधिकार, सम्मानजनक रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी। संगठन ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।
Tags
दंतेवाड़ा अपडेट