बचेली के विकास को लेकर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल की पहल।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव को सौंपा ज्ञापन, पेयजल संकट के स्थायी समाधान और गौरव पथ फेज-2 के शीघ्र निर्माण की रखी मांग। 
बचेली। नगर की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने एक बार फिर सक्रिय पहल करते हुए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के बचेली प्रवास के दौरान विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उनके नेतृत्व में पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर में व्याप्त पेयजल संकट और गौरव पथ फेज-2 सड़क निर्माण के अधूरे कार्य को प्रमुखता से उठाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने ज्ञापन में बताया कि बचेली नगर में वर्षों से पेयजल की समस्या बनी हुई है। नगर में लगभग दो-दो लाख लीटर क्षमता की पांच पानी टंकियां निर्मित होने के बावजूद पर्याप्त जल स्रोत उपलब्ध नहीं होने से नागरिकों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। कई वार्डों में स्थिति बेहद चिंताजनक है, जहां 300 से 350 फीट तक बोरिंग कराने के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं निकल रहा है। वहीं नगर के करीब 20 बोरवेलों में से 12 बोरवेल प्रभावित हो चुके हैं, जिससे जल संकट और गहरा गया है।
पालिका अध्यक्ष ने नगरवासियों की समस्या का स्थायी समाधान बताते हुए मलांगीर से बचेली तक पाइपलाइन विस्तार योजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से नगर के हजारों लोगों को नियमित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
ज्ञापन में नगर के बहुप्रतीक्षित गौरव पथ फेज-2 सड़क निर्माण कार्य को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। अध्यक्ष जायसवाल ने बताया कि लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य अभी अधूरा है। रेलवे पेट्रोल पंप से शिव मंदिर, पुराना मार्केट होते हुए सुभाष चौक तक सड़क निर्माण पूरा होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि नगर के सौंदर्यीकरण को भी नई पहचान मिलेगी।
इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष ने बचेली के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं अन्य विकास कार्यों के लिए भी उप मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करने के लिए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पालिका के पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नगरवासियों को भी अब उप मुख्यमंत्री के आश्वासन और सरकार की पहल का इंतजार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post