एसडीएम के नेतृत्व में मेडिकल दुकानों पर संयुक्त छापेमारी, रिकॉर्ड में अनियमितताएं मिलीं, बिना पर्ची दवा बिक्री पर सख्त चेतावनी।
बचेली। क्षेत्र में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री को लेकर लगातार उठ रही शिकायतों और मीडिया में प्रकाशित खबरों के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आ गया है। बुधवार को एसडीएम राजीव कुजूर के नेतृत्व में पुलिस एवं जिला औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने बचेली के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की।
जांच के दौरान कई मेडिकल दुकानों में दवाओं के स्टॉक का तीन माह का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित नहीं पाया गया। टीम ने दवाओं के स्टॉक, प्रिस्क्रिप्शन, बिल एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का गहन परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी करने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
गौरतलब है कि बचेली सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से प्रेगाबलिन (Pregabalin) जैसी दवाओं की बिना चिकित्सकीय पर्ची के बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि इन दवाओं का उपयोग नशे के रूप में किया जा रहा है, जिससे युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है। मामले को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संयुक्त जांच दल गठित किया और अभियान शुरू किया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को मेडिकल नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। मेडिकल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के ऐसी दवाओं का विक्रय न किया जाए जिनका दुरुपयोग नशे के लिए किया जा सकता है।
इस कार्रवाई का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह के औचक निरीक्षण नियमित रूप से होते रहें तो क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
ड्रग इंस्पेक्टर आलोक मौर्य ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसी दुकान में कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली है, लेकिन कुछ प्रक्रियागत अनियमितताएं सामने आई हैं जिन्हें सुधारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में भी नियमित अंतराल पर औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
मेडिकल नशे के खिलाफ शुरू हुई यह कार्रवाई प्रशासन की गंभीरता को दर्शाती है। अब देखना यह होगा कि यह अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित रहता है या क्षेत्र को नशीली दवाओं के अवैध कारोबार से मुक्त कराने की दिशा में निर्णायक कदम साबित होता है।
Tags
बचेली अपडेट