टायर फट रहे, गाड़ियां टूट रहीं… बारिश में ठप पड़ सकता है काम, 2000 परिवारों पर रोजी-रोटी का संकट।
ब्यूरो रिपोर्ट डीएम सोनी
बैलाडीला क्षेत्र में ट्रक मालिकों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। लोडिंग प्लांट से टेलिंग डैम होते हुए मुख्य मार्ग तक की सड़क इतनी जर्जर हो चुकी है कि आए दिन ट्रकों में टूट-फूट, टायर फटना और भारी नुकसान आम बात हो गई है। बावजूद इसके, NMDC प्रबंधन और बैलाडीला ट्रक ऑनर एसोसिएशन (BTOA) के पदाधिकारी इस गंभीर समस्या पर चुप्पी साधे बैठे हैं।
ट्रक मालिकों का कहना है कि टेलिंग डैम टूटने की घटना के बाद एनएमडीसी ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने का वादा किया था, लेकिन आज तक उस पर कोई ठोस काम नजर नहीं आ रहा। हालात यह हैं कि यदि समय रहते सड़क नहीं बनी, तो आने वाले बारिश के मौसम में पूरा कामकाज ठप पड़ सकता है।
ट्रक मालिक उमेश सिंह गौतम ने इस मुद्दे को उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो करीब 2000 परिवारों की रोजी-रोटी पर सीधा संकट आ जाएगा। काम बंद होगा तो आर्थिक नुकसान होगा उन्होंने आरोप लगाया कि BTOA के पदाधिकारी भी ट्रक मालिकों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं और केवल औपचारिकता निभा रहे हैं।
वैकल्पिक मार्ग की हालत भी किसी से छिपी नहीं है। बड़े-बड़े गड्ढों से भरी सड़क ट्रकों के लिए और अधिक खतरनाक साबित हो रही है, जिससे वाहन चालकों और मालिकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल द्वारा भी कई बार इस समस्या को उठाया गया, लेकिन एनएमडीसी प्रबंधन ने उनकी बातों को भी अनसुना कर दिया। इससे स्थानीय लोगों और ट्रक मालिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गौरतलब है कि चुनावी घोषणा पत्र में अध्यक्ष द्वारा सड़क निर्माण का प्रमुख वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट नजर आ रही है। अब ट्रक मालिकों ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।
Tags
बचेली अपडेट