बचेली :- गौ सम्मान यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, राष्ट्र माता घोषित करने केंद्र सरकार से की मांग।

बचेली में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत रैली, ज्ञापन सौंपकर गौठान निर्माण और सख्त कानून बनाने की उठी मांग। 
बचेली (दंतेवाड़ा)।
“गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत 27 अप्रैल 2026 (गो सम्मान दिवस) पर बचेली में भव्य कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों—व्यापारी, साधु-संत, गौ सेवक-सेविकाएं, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः11 बजे गायत्री मंदिर परिसर से हुई। इसके पश्चात गौ सम्मान यात्रा गायत्री सत्संग भवन से निकलकर मुख्य मार्ग से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग हाथों में भगवा झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए रैली में शामिल हुए।


एसडीएम कार्यालय पहुंचकर गौ भक्तों ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रमुख रूप से गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग की गई। साथ ही नगर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को देखते हुए उनके आश्रय, इलाज और संरक्षण के लिए गौठान निर्माण की मांग भी रखी गई। ज्ञापन में देशभर में गौवंश की वर्तमान स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इनमें केंद्रीय स्तर पर “गो सेवा एवं संरक्षण कानून” लागू करने, स्वतंत्र गो सेवा मंत्रालय के गठन, गो वध पर सख्त कार्रवाई, तथा इसे गैर-जमानती अपराध घोषित करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा ज्ञापन में गो आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने, गोबर-गोमूत्र के उपयोग को बढ़ाने, तथा हर जिले में आदर्श गौशाला और ग्राम स्तर पर गोठान स्थापित करने की बात कही गई है। आवेदन में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर घायल गौवंश के उपचार के लिए गो एम्बुलेंस और ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए जाएं। साथ ही स्कूल पाठ्यक्रम में गो विज्ञान को शामिल करने और गोचर भूमि संरक्षण के लिए सख्त नीति बनाने की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रधानमंत्री से आग्रह किया गया है कि गौ संरक्षण को केवल आस्था का विषय न मानते हुए इसे कृषि, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था से जुड़ा राष्ट्रीय विषय माना जाए और इस दिशा में ठोस नीति व कानून बनाए जाएं।आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज में गौ सेवा, संरक्षण और सम्मान के प्रति व्यापक जनजागृति फैलाना है। कार्यक्रम के अंत में अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील भी की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post