सेवा, समर्पण और संवेदना का सम्मान : एनएमडीसी अपोलो अस्पताल में धूमधाम से मनाया गया विश्व नर्स दिवस।

फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि देकर नर्सों के योगदान को किया गया नमन, केक काटकर मनाया गया खास दिवस। 
बचेली हर वर्ष 12 मई को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस इस बार भी एनएमडीसी अपोलो अस्पताल में बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आधुनिक नर्सिंग की जनक मानी जाने वाली Florence Nightingale को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मोमबत्ती जलाकर की गई। इसके पश्चात उनके छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर उपस्थित अतिथियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने नर्सों के समर्पण और सेवा भावना को नमन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नर्सों की भूमिका को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि नर्सें हर परिस्थिति में मरीजों की सेवा कर मानवता का सबसे बड़ा उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी नर्सों ने दिन-रात कार्य कर लाखों लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस हर साल 12 मई को इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटिंगेल का जन्म हुआ था। उनके सम्मान में वर्ष 1974 से विश्वभर में यह दिवस मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर अस्पताल परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक आयोजन भी किए गए। कार्यक्रम के अंत में केक काटकर विश्व नर्स दिवस मनाया गया तथा सभी ने सामूहिक रात्रि भोज का आनंद लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, सम्मान और सेवा भावना का विशेष माहौल देखने को मिला।

Post a Comment

Previous Post Next Post