IPL स्टाइल ऑक्शन में 120 खिलाड़ियों पर लगी बोली, बैलाडीला अंचल में क्रिकेट का बढ़ा रोमांच
किरंदुल। बैलाडीला अंचल में क्रिकेट का जुनून इन दिनों चरम पर है। Sports Club Kirandul के तत्वावधान में आयोजित होने जा रही बैलाडीला प्रीमियर लीग (BPL) सीजन-2 को लेकर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में रविवार 10 मई को अंबेडकर भवन किरंदुल में BPL सीजन-2 का भव्य ऑक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने खेल प्रेमियों के बीच खास आकर्षण पैदा किया।
IPL की तर्ज पर आयोजित इस हाई-वोल्टेज ऑक्शन में जिलेभर के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के लिए कुल 130 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीयन कराया था, जिनमें से 120 खिलाड़ियों को 8 टीम मालिकों द्वारा नीलामी प्रक्रिया के तहत खरीदा गया। पूरी ऑक्शन प्रक्रिया IPL नियमों एवं प्रारूप के अनुरूप संपन्न कराई गई, जिससे कार्यक्रम का रोमांच और भी बढ़ गया।
नीलामी के दौरान खिलाड़ियों पर टीम मालिकों ने जमकर बोली लगाई। हर टीम ने संतुलित एवं मजबूत स्क्वॉड तैयार करने के लिए रणनीतिक तरीके से खिलाड़ियों का चयन किया। आयोजन स्थल पर मौजूद दर्शकों और खिलाड़ियों ने इस अनोखे आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
प्रतियोगिता में शामिल टीमें एवं उनके मालिक
J.K.C Royals – श्री जमील खान
Spirit Boys – श्री बबलू सिद्दीकी
R.P Warriors – श्री मनोज प्रसाद
Bacheli Capitals – श्री डी.एस. यादव
Blessing Warriors – श्री रमेश निर्मलकर
Bacheli Blaster – श्री सुदीपता मंडल
Tashan Return – श्री बोसी उद्देश्य
Bacheli Challenger – श्री कृष्णा ठाकुर
आयोजन समिति ने बताया कि पिछले सीजन में BPL को मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद इस बार प्रतियोगिता को और अधिक भव्य रूप दिया गया है। पिछले आयोजन की सराहना जिला कलेक्टर सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई थी तथा Sports Club Kirandul के सदस्यों को सम्मानित भी किया गया था।
स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल के सचिव श्री भूपेश्वर लाल साहू ने कहा कि इतना बड़ा आयोजन कर पाना क्लब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि BPL का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर भविष्य में रणजी एवं IPL जैसे राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट तक पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि Sports Club Kirandul केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी लगातार करता आ रहा है। क्लब द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर एवं विभिन्न सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री ए.के. सिंह, पालिका उपाध्यक्ष श्री बबलू सिद्दीकी, संविधान की कलम पत्रकार संघ के सचिव श्री रामकिशोर रामटेके, अध्यक्ष श्री दिलीप सिंह तथा श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रमुख श्री राजेंद्र सक्सेना सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में सचिव श्री भूपेश्वर लाल साहू सहित भूपेश कश्यप, नागेश्वर राव, प्रवेश जोशी, विनोद सोना, प्रताप नायक, प्रदीप ताती, नीरज तिवारी, सूर्या, प्रदीप शंकरन एवं नितिन दुबे का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन श्री नितिन दुबे द्वारा किया गया।
BPL सीजन-2 के इस भव्य आगाज़ ने यह साफ कर दिया है कि बैलाडीला अंचल में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। अब खेल प्रेमियों को इस रोमांचक प्रतियोगिता के मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार है।
Tags
किरंदुल अपडेट