देवर्षि नारद जयंती पर पत्रकारिता का सम्मान,माधव सेवा समिति का बेहतरीन आयोजन।


मुख्य वक्ता कृष्ण मुरारी त्रिपाठी अटल बोले – माओवाद के बाद अर्बन नक्सलवाद बड़ी चुनौती, विकास और जनजागरण में मीडिया की भूमिका अहम। 

दंतेवाड़ा। देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर श्री माधव सेवा समिति गीदम के तत्वावधान में जिला ग्रंथालय दंतेवाड़ा में उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान एवं संवाद समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकार, स्तंभकार एवं वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण मुरारी त्रिपाठी ‘अटल’ मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार यशवंत यादव ने की।
अपने संबोधन में कृष्ण मुरारी त्रिपाठी ने कहा कि बस्तर में सशस्त्र माओवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद अब अर्बन नक्सलवाद की चुनौती से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि बेहतर समाज का निर्माण और सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करना है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ जनजागरण और सच्चाई को सामने लाने में बस्तर के पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय पत्रकार क्षेत्र के विकास और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार यशवंत यादव ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता कई चुनौतियों से घिरी हुई है और पत्रकारिता का स्तर लगातार गिरना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए गंभीर चिंतन और आत्ममंथन की आवश्यकता है। नई पीढ़ी के पत्रकारों को अध्ययनशील बनकर पत्रकारिता के मूल्यों और मानकों को सुरक्षित रखना होगा।
समारोह के दौरान पत्रकार आजाद सक्सेना, रमेश कागदेलवार और रेणुका सिंह को उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही अध्यक्षता कर रहे यशवंत यादव का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में श्री माधव सेवा समिति के प्रतिनिधि मिश्री लाल झाड़े ने समिति की गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार अवधेश अवस्थी ने अपने रोचक और प्रभावशाली अंदाज में किया।
इस अवसर पर चंद्रकांत क्षत्रिय, अर्जुन पाण्डे, कवि सिन्हा, दिनेश गुप्ता, अनीष परिहार, आशु भदौरिया, राजेन्द्र सक्सेना, नफीज कुरैशी, जितेन्द्र चौधरी सहित जिले भर के अनेक पत्रकार, साहित्यकार और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। उपस्थित वक्ताओं ने पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, समाज में मीडिया की भूमिका और जनहित के मुद्दों पर अपने विचार रखे।
श्री माधव सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला यह कार्यक्रम सशक्त, जिम्मेदार और जनोन्मुखी पत्रकारिता के प्रति समिति की प्रतिबद्धता और सम्मान भाव का प्रतीक बनकर उभरा।

Post a Comment

Previous Post Next Post