"नई जिम्मेदारी पदभार संभालते ही बचेली थाना प्रभारी ने पत्रकारों संग बनाई कानून व्यवस्था की रणनीति"

यातायात, अवैध पार्किंग, रात्रि गश्त और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के संकेत, सभी के सहयोग से सुरक्षित माहौल बनाने का भरोसा।
बचेली। नव नियुक्त थाना प्रभारी अर्जुन पटेल ने पदभार ग्रहण करते ही स्थानीय पत्रकारों के साथ परिचय एवं संवाद बैठक आयोजित की। बैठक में नगर की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ट्रकों की अवैध पार्किंग, रात्रि गश्त, तेज रफ्तार बाइकर्स और नशे से जुड़ी अवैध गतिविधियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
थाना प्रभारी अर्जुन पटेल ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी के सहयोग से कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक के दौरान ट्रकों की अवैध पार्किंग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि ट्रक यूनियन के साथ पूर्व में बनाए गए नियमों के अनुरूप ही कार्रवाई जारी रहेगी और सड़क पर अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही रात्रि गश्त को और मजबूत करने, लापरवाह बाइकर्स पर सख्ती बरतने तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की बात भी कही।

बैठक में पूर्व थाना प्रभारी प्रहलाद साहू के कार्यकाल की भी सराहना की गई। उपस्थित पत्रकारों ने उनके कार्यों को याद करते हुए नगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार फखरे आलम, जितेंद्र चौधरी, गोविंद नाग, सलमान नवाब, आशा कर्मा, डीएम सोनी, नवीन चौधरी सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने पर सहमति बनी।

Post a Comment

Previous Post Next Post