"लौह नगरी में लौह माफिया बेखौफ! रात के अंधेरे में दौड़ रहे अवैध ट्रक, वन विभाग की कार्रवाई से खुलने लगा तस्करी का बड़ा राज!"
बचेली/दंतेवाड़ा। लौह नगरी बचेली में अवैध लौह अयस्क तस्करी का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धुरली के समीप रात के अंधेरे में अवैध लौह अयस्क से लदे 16 चक्का ट्रक (CG 08 AX 7342) को जब्त किया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर और उनके साथी काली स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रीतीश पांडे को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग ने जाल बिछाया था। जैसे ही संदिग्ध ट्रक मौके पर पहुंचा, टीम ने उसे रोक लिया। ट्रक में बिना वैध दस्तावेजों के लौह अयस्क का परिवहन किया जा रहा था। वन विभाग ने ट्रक को जब्त कर फॉरेस्ट डिपो बचेली पहुंचा दिया।
बताया जा रहा है कि ट्रक के साथ सुरक्षा के लिए चल रही एक काली स्कॉर्पियो में आधा दर्जन से अधिक लोग सवार थे, जो वन विभाग की कार्रवाई देखकर मौके से फरार हो गए। इससे यह आशंका और गहरा गई है कि क्षेत्र में संगठित गिरोह लंबे समय से सक्रिय होकर अवैध लौह अयस्क की तस्करी कर रहे हैं।
बचेली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाएं कई गंभीर सवाल खड़े करती हैं। आखिर इतने बड़े वाहन बार-बार अवैध लौह अयस्क लेकर कैसे निकल जाते हैं? क्या इस पूरे नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है? अब लोगों की निगाहें वन विभाग और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं कि फरार आरोपियों और इस पूरे सिंडिकेट के मास्टरमाइंड तक कब पहुंचा जाएगा।
Tags
बचेली अपडेट