बचेली से भांसी तक अवैध कबाड़ का नेटवर्क ? वाहन जब्त, 4 टन लोहा बरामद… मगर कबाड़ का असली मालिक कौन ?
NMDC औद्योगिक क्षेत्र में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर भांसी पुलिस का शिकंजा, करीब ₹1 लाख का लोहे का कबाड़ बरामद।
दंतेवाड़ा/भांसी, 24 अगस्त 2026।
एनएमडीसी औद्योगिक क्षेत्र में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार के खिलाफ भांसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 टन लोहे के अवैध कबाड़ से भरी पिकअप वाहन जब्त की है। बरामद कबाड़ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 23 अगस्त को निरीक्षक निर्मल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम एमसीपी चेकिंग एवं फोरेस्ट/खनिज जांच नाका भांसी की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान करीब दोपहर 3 बजे आईडीआई मेन रोड, भांसी बाजारपारा के पास दो ट्रकों के बीच एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक CG-18-S-6590 संदिग्ध अवस्था में लावारिस खड़ी मिली।
पुलिस ने वाहन की जांच की तो तिरपाल के नीचे भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ भरा हुआ मिला। वजन करने पर कबाड़ करीब 4 टन पाया गया।
पुलिस को देख वाहन छोड़कर फरार होने का मामला!
मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि वाहन को बचेली की ओर से लाया गया था। वाहन से जुड़े लोग खाना खाने जाने की बात कहकर पिकअप को मौके पर छोड़कर भांसी-किरंदुल की ओर पैदल चले गए।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए कबाड़ से भरी पिकअप को जब्त कर थाना भांसी लाकर सुरक्षित रखा है।
कबाड़ आया कहां से? पुलिस की जांच जारी
अब पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि करीब 4 टन लोहे का कबाड़ कहां से निकाला गया और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। मामले में आरोपियों की पहचान और कबाड़ के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक ललित कुमार कश्यप, सउनि. शिवनारायण निर्मलकर, जयमंगल श्यामले, धनेश सलाम, मनोज नाग, सगरू भास्कर सहित आरक्षक क्रमांक 1290, 1240, 305, 1205, 1080, 553 एवं 490 की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
भांसी पुलिस की इस कार्रवाई से एनएमडीसी औद्योगिक क्षेत्र में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।
Tags
भांसी अपडेट