बचेली SKMS ने NMDC प्रबंधन के खिलाफ बुलंद की आवाज, 11 सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन।

नई भर्ती से लेकर ठेका श्रमिकों के वेतन समझौते तक उठे मुद्दे, आउटसोर्सिंग पर रोक और स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता देने की मांग। 
बचेली, दंतेवाड़ा। संयुक्त खदान मजदूर संघ (SKMS–एटक), बचेली शाखा ने एनएमडीसी में कार्यरत कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों और क्षेत्रवासियों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर प्रबंधन के समक्ष 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। संघ की ओर से यह ज्ञापन निदेशक (कार्मिक), एनएमडीसी लिमिटेड मुख्यालय हैदराबाद के नाम बचेली स्थित मानव संसाधन विभाग के प्रमुख को सौंपा गया।

SKMS ने कहा कि एनएमडीसी की ऐतिहासिक उपलब्धियों और महारत्न कंपनी के रूप में उसकी पहचान के पीछे कर्मचारियों और मजदूरों का वर्षों का अथक परिश्रम और समर्पण है। ऐसे में कर्मचारियों के अधिकार, स्वास्थ्य, कल्याण, रोजगार और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगों का निराकरण भी जरूरी है।
11 सूत्रीय मांगों में प्रमुख मुद्दे

1. नई भर्ती और स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता
मैनपावर की कमी के चलते कर्मचारियों पर बढ़ते कार्य दबाव को देखते हुए RS-01 एवं RS-02 की लंबित रिक्तियों की अधिसूचना प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता देने की मांग की गई।

2. ठेका श्रमिकों के वेतन समझौते का जल्द निराकरण
जुलाई 2024 से लंबित ठेका श्रमिकों के वेतन समझौते को तत्काल लागू करने की मांग उठाई गई, ताकि श्रमिकों को आर्थिक राहत मिल सके।

3. आउटसोर्सिंग पर रोक
माइनिंग, सर्विस और प्लांट विभागों में छोटे-छोटे कार्यों को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया बंद करने की मांग की गई।

4. NEET-JEE कोचिंग फिर शुरू हो
बचेली कॉम्प्लेक्स में पूर्व की तरह प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से NEET और JEE की कोचिंग सुविधा पुनः शुरू करने की मांग रखी गई।

5. DPS जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान की स्थापना
क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) जैसे शीर्ष शिक्षण संस्थान की स्थापना की मांग की गई।

6. आयुर्वेदिक अस्पतालों का एम्पेनलमेंट
कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए HIIMS, Kottakkal Arya Vaidya Sala, पतंजलि सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों को एम्पेनल करने की मांग की गई।

7. मेधावी बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च उठाए NMDC
IIT, NEET, NIT एवं IIIT जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में चयनित कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा वहन करने की मांग की गई।

8. टाउनशिप में लाल पानी और जल संकट का स्थायी समाधान
बारिश के दिनों में लाल पानी और गर्मियों में होने वाली पानी की किल्लत को दूर करने के लिए स्थायी व्यवस्था बनाने की मांग की गई।

9. अपोलो सेंट्रल हॉस्पिटल कर्मचारियों का वेतन समझौता
एनएमडीसी अपोलो सेंट्रल हॉस्पिटल के कर्मचारियों का लंबित वेतन समझौता शीघ्र पूरा करने की मांग की गई।

10. अपोलो अस्पताल कर्मचारियों का नियमितीकरण
पिछले 3–4 वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे अपोलो अस्पताल के कर्मचारियों को जल्द नियमित करने की मांग संघ ने रखी।

11. सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति
परियोजना चिकित्सालय में कार्डियोलॉजिस्ट और नेफ्रोलॉजिस्ट जैसे सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की गई, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।

“मजदूरों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं”

SKMS बचेली ने प्रबंधन से मांग की है कि सभी न्यायसंगत मांगों पर गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र समाधान निकाला जाए। संघ का कहना है कि कर्मचारियों और श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे पूरी क्षमता के साथ एनएमडीसी के उत्पादन में अपना योगदान दे सकेंगे।

अब देखना होगा कि SKMS की 11 सूत्रीय मांगों पर NMDC प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है और लंबे समय से लंबित मुद्दों का समाधान कब तक हो पाता है।

             विज्ञापन हेतु संपर्क करें 998654444

Post a Comment

Previous Post Next Post