बचेली :- राष्ट्रीय विरोध दिवस पर AITUC का मुख्य मार्ग में एक दिवसीय धरना, 7 सूत्रीय मांगों को लेकर बुलंद की आवाज।


बचेली | 10 अगस्त 2026

बचेली। राष्ट्रीय विरोध दिवस के अवसर पर सोमवार को मुख्य मार्ग स्थित हनुमान मंदिर चौक पर AITUC एवं संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। पंडाल लगाकर आयोजित प्रदर्शन में मजदूरों, किसानों एवं कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की गई।


धरना स्थल पर लगे बैनरों और नारों के माध्यम से “देश, किसान, मजदूर एकता जिंदाबाद—रोजगार और अधिकार हमारा अधिकार” तथा “निजीकरण बंद करो” जैसे संदेश दिए गए। प्रदर्शन के दौरान मजदूर-किसान एकता के नारे गूंजते रहे।

SKMS के पदाधिकारियों सदस्यों द्वारा 7 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन। 

प्रदर्शनकारियों ने सरकार के समक्ष प्रमुख रूप से चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने, किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) घोषित करने और सरकारी संस्थाओं एवं सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग उठाई।

इसके साथ ही मनरेगा मजदूरी ₹600 प्रतिदिन करने तथा वर्ष में 200 दिन रोजगार की गारंटी, न्यूनतम वेतन ₹26 हजार प्रतिमाह निर्धारित कर उसे महंगाई से जोड़ने की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने बेरोजगारों के लिए सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सभी के लिए निःशुल्क करने की मांग भी रखी। वहीं सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों के लंबित वेतनमान लागू करने तथा लंबित राशि का एकमुश्त भुगतान किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

“मजदूर-किसानों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी”

AITUC की ओर से कहा गया कि मजदूरों और किसानों के अधिकारों से जुड़े इन मुद्दों को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। संगठन ने सरकार से सातों मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मजदूर-किसान एवं कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने एकजुट होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की।


Post a Comment

Previous Post Next Post