नक्सलियों का कारनामा या असामाजिक तत्वों ने की नकल ?
संवेदनशील परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, नगर में पूर्व की घटनाओं का भी अब तक नहीं मिला सुराग।
दंतेवाड़ा/बचेली।
एनएमडीसी परियोजना बचेली में सोमवार की दरमियानी रात आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। परियोजना क्षेत्र में काम कर रही कल्पतरु कंपनी की एक चेन माउंटेन मशीन और एक क्रेन को अज्ञात लोगों द्वारा आग के हवाले किए जाने की जानकारी सामने आई है।
आगजनी की इस घटना में कंपनी को भारी नुकसान होने का दावा किया जा रहा है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी बचेली क्षेत्र में मशीनों में आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन मामलों में पुलिस जांच के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग सामने नहीं आने की बात कही जा रही है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी संवेदनशील और महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था कितनी पुख्ता है? आखिर बार-बार मशीनों को निशाना बनाए जाने के बावजूद ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है?
फिलहाल आगजनी की इस घटना के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था, यह जांच का विषय है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों का पता चल सकेगा।
बचेली की इस घटना ने एक बार फिर NMDC परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags
बचेली अपडेट