अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं पार्षदों की पहल पर कलेक्टर ने वार्ड 16-17 के पांच मरीजों के इलाज के लिए जारी की ₹95 हजार की सहायता।
बचेली। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे वार्ड क्रमांक 16 एवं 17 के जरूरतमंद मरीजों को इलाज में आर्थिक राहत दिलाने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं पार्षद धनसिंह नाग और श्यामलाल सेठिया की पहल रंग लाई है। जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने संजीवनी राहत कोष से पांच मरीजों के लिए कुल ₹95 हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
संजीवनी राहत कोष से जोगेन्द्र गुप्ता को ₹15 हजार, प्रभात नाग को ₹15 हजार, चंद्रकला बघेल को ₹15 हजार, मिथुला दुर्गा को ₹20 हजार तथा बेल्मती को ₹25 हजार की सहायता प्रदान की गई है।
आर्थिक रूप से परेशान इन मरीजों के लिए यह सहायता उनके इलाज के खर्च में काफी मददगार साबित होगी। गंभीर बीमारी के बीच उपचार का खर्च उठा रहे परिवारों को राहत मिलने से उनके सामने खड़ी आर्थिक चुनौती कुछ हद तक कम होगी।
नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने कहा कि वार्ड पार्षदों की पहल पर गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंदों के लिए संजीवनी राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस राशि से मरीजों को उपचार में मदद मिलेगी।
अध्यक्ष राजू जायसवाल ने इस मानवीय पहल और जरूरतमंद मरीजों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव का आभार व्यक्त किया।
Tags
बचेली अपडेट