बचेली में अज्ञात शव मिलने से सनसनी, करीब दो सप्ताह पुराना होने की आशंका पुलिस जांच में जुटी।

रेलवे साइडिंग के पास तेज दुर्गंध से हुआ खुलासा, बुरी तरह क्षत-विक्षत शव की पहचान में जुटी पुलिस

बचेली। बचेली में रेलवे साइडिंग के पास एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को मौके के आसपास से तेज दुर्गंध महसूस हुई, जिसके बाद मामले की सूचना बचेली थाना पुलिस तक पहुंचाई गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रेलवे ट्रैक से अंदर जाने पर पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक तौर पर शव करीब दो सप्ताह पुराना होने की आशंका जताई जा रही है।

शव की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। लंबे समय तक पड़े रहने के कारण चेहरे की पहचान करना मुश्किल हो गया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक कौन है, वह यहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई—इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

शव की पहचान के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post