बस्तर में तिरंगे की शान, बारसूर में गूंजा देशभक्ति का जयघोष।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में पहुंची बाइक तिरंगा यात्रा, शहीदों को नमन कर किया पौधारोपण
बारसूर/दंतेवाड़ा, 12 अगस्त 2026। नारायणपुर से शुरू हुई बाइक तिरंगा यात्रा बुधवार को उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप के नेतृत्व में बारसूर पहुंची। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए पहुंची यात्रा का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा बारसूर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने स्वयं बाइक तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। बारसूर पहुंचने के बाद शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीदों के सम्मान में पौधारोपण करने के साथ उनके परिवारों से मुलाकात भी की गई।

‘यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे बस्तर के विकास की यात्रा’

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर तिरंगा यात्रा किसी एक व्यक्ति की यात्रा नहीं, बल्कि पूरे बस्तर के विकास की यात्रा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा की अगुवाई बस्तर के नौजवानों ने की है और सभी लोगों से इसमें सहभागी बनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 31 मार्च के बाद जब वे बस्तर के अनेक गांवों में पहुंचे तो ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें महसूस हो रहा है कि वे पहली बार आजाद हुए हैं। आजादी का पर्व सामने है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान का आह्वान किया है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की।

श्री शर्मा ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के पुराने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि कभी राष्ट्रीय पर्वों पर ग्रामीणों को तिरंगा फहराने से रोका जाता था और डर के कारण लोग काली छतरी तक लगाने को मजबूर होते थे। आज वही बस्तर गर्व के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहरा रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर को नक्सलवाद से मुक्ति दिलाने के इस अभियान में युवाओं, सुरक्षा बलों के जवानों की शहादत, जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले सहित अनेक लोगों का योगदान है। नक्सलवाद से मुक्ति बस्तर के युवाओं के बदले हुए मनोभाव से ही संभव हो पाई है।

केदार कश्यप बोले—बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के साहस से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता मिली है।

तीन दिन, कई इलाकों से गुजरेगी तिरंगा यात्रा

बाइक तिरंगा यात्रा 12 अगस्त को नारायणपुर से रवाना होकर धौड़ाई, कन्हारगांव, कोडेनार, बोदली, सातधार, बारसूर और गीदम होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।

13 अगस्त को यात्रा दंतेवाड़ा से कुआकोंडा होते हुए सुकमा, जगरगुंडा, सिलगेर, टेकलगुड़ेम और आवापल्ली होते हुए बीजापुर पहुंचेगी। 14 अगस्त को बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए करेगुट्टा पहाड़ी में यात्रा का समापन होगा।

इस अवसर पर विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष श्री अरविन्द कुंजाम, आईजी श्री बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री एम. भार्गव, डीएफओ श्री रामकृष्ण रंगनाथा वाय, अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

तिरंगे के साथ बढ़ता बस्तर—शहादत को सलाम, राष्ट्रभक्ति को प्रणाम और विकास की ओर कदम।

Post a Comment

Previous Post Next Post