बचेली :- चोरी के चार माह बाद मिला ट्रैक्टर, पीड़ित ने खुद की खोजबीन से ढूंढ निकाला।

बचेली NMDC टाउनशिप से चोरी हुआ था ट्रैक्टर, फरसपाल में मिली थी ट्रॉली…अब भैरमगढ़ के पुसनार से बरामद हुआ ट्रैक्टर

चोर अब भी पुलिस की अब पकड़ से बाहर, सुरक्षा व्यवस्था और खराब CCTV कैमरों पर उठे गंभीर सवाल
बचेली। बचेली के NMDC टाउनशिप से करीब चार माह पहले चोरी हुआ ट्रैक्टर आखिरकार बरामद हो गया है। खास बात यह है कि ट्रैक्टर की तलाश पुलिस से ज्यादा उसके मालिक और उसके सहयोगियों ने खुद की, जिसके बाद 12 अगस्त को भैरमगढ़ क्षेत्र के पुसनार के सुनसान इलाके से ट्रैक्टर बरामद कर बचेली पुलिस के सुपुर्द किया गया। हालांकि, चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च की रात बचेली NMDC टाउनशिप के सतनाम चौक के पास सिविल विभाग के काम में लगा ट्रैक्टर अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था। हैरानी की बात यह थी कि चोर ट्रैक्टर को टाउनशिप से निकालकर मुख्य मार्ग से ले गए, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के बीच किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

सुरक्षा के दावों के बीच ट्रैक्टर चोरी, CCTV भी नहीं आया काम

NMDC टाउनशिप में सुरक्षा को लेकर तमाम दावे किए जाते हैं। आसपास सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी के बावजूद इतनी बड़ी मशीनरी को टाउनशिप से बाहर ले जाया गया। वहीं, टाउनशिप में खराब पड़े CCTV कैमरे भी पुलिस के लिए कोई सुराग नहीं दे सके। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े हुए थे।

उस समय के तत्कालीन थाना प्रभारी प्रहलाद साहू ने मामले की जांच करते हुए चोरों की तलाश की थी, लेकिन उनके तबादले के बाद मामले की जांच की रफ्तार धीमी पड़ गई और मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में जाता नजर आया।

दो दिन बाद फरसपाल में मिली थी ट्रैक्टर की ट्रॉली

चोरी के दो दिन बाद ट्रैक्टर की ट्रॉली दंतेवाड़ा जिले के फरसपाल इलाके से बरामद हुई थी। इससे यह आशंका और मजबूत हुई थी कि चोर ट्रैक्टर को बचेली से बाहर ले गए थे। लेकिन ट्रैक्टर का कोई पता नहीं चल पाया था।

चार महीने बाद भैरमगढ़ के पुसनार में मिला ट्रैक्टर

अब 12 अगस्त को भैरमगढ़ क्षेत्र के पुसनार में एक सुनसान इलाके से चोरी हुआ ट्रैक्टर बरामद किया गया। ट्रैक्टर मालिक विजय इलामी निवासी पाढ़ापुर और उनके सहयोगियों ने लगातार अपने स्तर पर आसपास के गांवों में संपर्क और खोजबीन जारी रखी।

विजय इलामी के मुताबिक आसपास के ग्रामों में रहने वाले परिचितों से लगातार संपर्क बना हुआ था। इसी दौरान पुसनार इलाके में ट्रैक्टर के होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर की पहचान की गई और उसे बरामद कर बचेली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

बचेली से फरसपाल और फिर भैरमगढ़?

पूरे घटनाक्रम को जोड़कर देखा जाए तो संभावना जताई जा रही है कि चोरी के बाद ट्रैक्टर को बचेली से फरसपाल होते हुए भैरमगढ़ क्षेत्र तक ले जाया गया होगा। हालांकि, ट्रैक्टर यहां तक कैसे पहुंचा और इसे किन लोगों ने छिपाकर रखा था, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि चार महीने पहले NMDC टाउनशिप से ट्रैक्टर चोरी करने वाले कौन थे? टाउनशिप से मुख्य मार्ग तक ट्रैक्टर ले जाने के बावजूद सुरक्षा गार्डों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? खराब CCTV कैमरों के कारण जांच को कितना नुकसान हुआ? और अब ट्रैक्टर मिलने के बाद पुलिस चोरों तक कब पहुंचेगी?

ट्रैक्टर तो मिल गया, लेकिन चोर अब भी गायब हैं। पीड़ित की अपनी खोजबीन से चोरी की मशीन बरामद होना पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचने की एक नई कड़ी जरूर बन सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post