बचेली :- एनएमडीसी सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति पर भाजपा का विरोध, स्थानीय युवाओं की भर्ती की उठी मांग।

L-1 और L-2 समेत रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती शुरू करने की पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने एनएमडीसी प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन। 
बचेली। एनएमडीसी बचेली एवं किरंदुल परियोजनाओं में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति और स्थानीय युवाओं की नियमित भर्ती में हो रही देरी को लेकर भाजपा संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों सहित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एनएमडीसी प्रबंधन के समक्ष विरोध दर्ज कराते हुए ज्ञापन सौंपा।
पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने मांग की कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति के बजाय L-1, L-2 सहित विभिन्न रिक्त पदों पर स्थानीय योग्य एवं शिक्षित बेरोजगार युवाओं की नियमित भर्ती तत्काल शुरू की जाए।
एनएमडीसी बचेली के मुख्य महाप्रबंधक श्रीधर कोडाली को ज्ञापन सौंपते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि एनएमडीसी क्षेत्र में रोजगार का प्रमुख आधार है और स्थानीय हजारों शिक्षित बेरोजगार युवा लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। पूर्व में L-1 और L-2 भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद रुक जाने से युवाओं में निराशा और आक्रोश बढ़ा है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति से स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने प्रबंधन से युवाओं के हित में तत्काल ठोस निर्णय लेने की मांग की।

भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो संगठन व्यापक और उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी एनएमडीसी प्रबंधन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल,जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, भाजपा जिला महामंत्री सत्यजीत चौहान, मंडल अध्यक्ष अमलेन्दु चक्रवर्ती,मंडल कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल नगर पालिका उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी सहित पार्षद, मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post