जिला कांग्रेस कमेटी की अगुआई में प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन,एनएमडीसी L-1 और L-2 भर्ती 10 दिनों में शुरू नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन: तूलिका कर्मा राष्ट्रीय सचिव महिला कांग्रेस।
प्रदर्शनकारियों ने “एनएमडीसी मुर्दाबाद”, “एनएमडीसी होश में आओ”, “युवाओं की भर्ती जल्द करो” और “रिटायर्ड कर्मचारियों की दोबारा भर्ती बंद करो” जैसे नारे लगाए। धरना प्रदर्शन के बाद युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल नारेबाजी करते हुए एनएमडीसी चेकपोस्ट पहुंचे, जहां भी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया गया।
बचेली। एनएमडीसी की L-1 और L-2 भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की दोबारा नियुक्ति के फैसले को लेकर सोमवार को बेरोजगार युवाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। युवा कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के मुख्य चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान एनएमडीसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने “एनएमडीसी मुर्दाबाद”, “एनएमडीसी होश में आओ”, “युवाओं की भर्ती जल्द करो” और “रिटायर्ड कर्मचारियों की दोबारा भर्ती बंद करो” जैसे नारे लगाए। धरना प्रदर्शन के बाद युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल नारेबाजी करते हुए एनएमडीसी चेकपोस्ट पहुंचे, जहां भी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया गया।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एनएमडीसी के अधिशासी निदेशक श्रीधर कोडाली को मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में L-1 और L-2 भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की दोबारा नियुक्ति के फैसले पर रोक लगाने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने एनएमडीसी प्रबंधन को 10 दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
11 हजार से अधिक युवाओं के रोजगार का सवाल
राष्ट्रीय सचिव महिला कांग्रेस तूलिका कर्मा ने कहा कि क्षेत्र के स्थानीय युवा लंबे समय से एनएमडीसी की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती के नाम पर वर्षों से युवाओं को टालमटोल कर निराश किया जा रहा है। उनके मुताबिक क्षेत्र के 11 हजार से अधिक बेरोजगार युवा भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
तूलिका कर्मा ने कहा कि एक ओर क्षेत्र के हजारों युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा नियुक्त करने का फैसला युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर देने के बजाय रिटायर्ड कर्मचारियों को वापस नियुक्त करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर लगातार निराशा हाथ लग रही है। उन्होंने एनएमडीसी प्रबंधन पर स्थानीय युवाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
“10 दिन में भर्ती शुरू नहीं हुई तो आंदोलन होगा उग्र”
तूलिका कर्मा ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर L-1 और L-2 भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई और रिटायर्ड कर्मचारियों की दोबारा भर्ती के फैसले को नहीं रोका गया, तो प्रदेश संगठन के नेतृत्व में इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
“पहाड़ और लोहा हमारा, रोजगार में प्राथमिकता भी हमारी हो”
प्रदर्शन में शामिल स्थानीय युवाओं ने एनएमडीसी प्रबंधन पर उन्हें लंबे समय से अंधेरे में रखने का आरोप लगाया। युवाओं का कहना है कि L-1 और L-2 भर्ती वर्षों से लंबित है, जबकि एनएमडीसी डिपॉजिट-4 में काम शुरू कर चुका है। इसके अलावा क्षेत्र में बाहरी कंपनियों द्वारा आउटसोर्सिंग के माध्यम से भी काम कराया जा रहा है।
युवाओं ने सवाल उठाया कि जिस क्षेत्र के पहाड़ों से लौह अयस्क निकालकर एनएमडीसी बड़ा मुनाफा कमा रहा है, उसी क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए क्यों इंतजार करना पड़ रहा है। युवाओं का आरोप है कि एनएमडीसी ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को रोजगार का भरोसा देने के बावजूद स्थानीय बेरोजगारों को पर्याप्त अवसर नहीं दे रहा है।
स्थानीय युवाओं ने कहा कि क्षेत्र में बेरोजगारी पहले से ही चरम पर है। ऐसे समय में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने के बजाय बाहरी कंपनियों के जरिए आउटसोर्सिंग कराना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि यदि यहां बड़े-बड़े प्लांट और परियोजनाएं स्थापित होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा, तो फिर इन परियोजनाओं का स्थानीय लोगों को क्या लाभ मिलेगा?
युवाओं ने यह भी कहा कि दंतेवाड़ा-बचेली-किरंदुल क्षेत्र पहले से ही शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के मामले में कई चुनौतियों से जूझ रहा है। अब यदि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी नहीं मिलते हैं तो क्षेत्र के बेरोजगार युवा आखिर कहां जाएंगे।
कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शकील रिजवी, पूर्व जिला अध्यक्ष सलीम रज़ा उस्मानी, अवधेश सिंह गौतम, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा मौजूद रहे।
Tags
बचेली अपडेट