प्रार्थना सभा से लेकर AI क्लास तक पहुंचे मंत्री गजेंद्र यादव, सुविधाओं की कमी पर दिए तत्काल समाधान के निर्देश।
दंतेवाड़ा, 03 सितंबर 2026
बस्तर के सुदूर अंचलों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने दंतेवाड़ा जिले के विभिन्न विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने न केवल स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि बच्चों के बीच पहुंचकर उनकी पढ़ाई, प्रतिभा और समस्याओं को भी सीधे परखा।
मंत्री श्री यादव ने विकासखंड कुआँकोंडा के माध्यमिक शाला कलारपारा (मैलावाड़ा) से अपने निरीक्षण की शुरुआत की। वे सुबह की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों के साथ शामिल हुए और पूरी प्रार्थना सुनी।
उन्होंने विद्यालय में नियमित रूप से लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रार्थना सभा आयोजित करने तथा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री ने बच्चों से अंग्रेजी में संवाद करते हुए उनका और उनके माता-पिता का नाम पूछा। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया। प्राथमिक कक्षाओं में उन्होंने अक्षर ज्ञान और वर्णमाला की जानकारी परखी तथा पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों और प्रोजेक्टर के उपयोग पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने कक्षा में बैठने के लिए कुर्सी-टेबल और जूते-मोजे की आवश्यकता बताई। बच्चों की इस मांग को मंत्री ने गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पोटाकेबिन में छात्राओं से सीधा संवाद
इसके बाद मंत्री श्री यादव विकासखंड कटेकल्याण स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालय (पोटाकेबिन मोखपाल) पहुंचे। यहां छात्राओं ने छिंद से स्वयं तैयार किया गया आकर्षक गुलदस्ता भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
लगभग 490 छात्राओं वाले इस आवासीय विद्यालय में मंत्री ने एआई कक्षा का अवलोकन किया और छात्राओं से तकनीकी शिक्षा को लेकर संवाद किया। उन्होंने शिक्षिका को AI के साथ MS Word, Excel और बुनियादी कंप्यूटर कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि छात्राएं आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें।
मंत्री ने प्राथमिक स्तर के बच्चों से पहाड़े सुने, वहीं कक्षा आठवीं की छात्रा से अंग्रेजी कविता पाठ सुनकर उसकी सराहना की। उन्होंने छात्राओं से सामान्य ज्ञान के सवाल पूछकर उनकी समझ और प्रतिभा का भी आकलन किया।
किचन गार्डन को सभी पोटाकेबिन में अनिवार्य करने के निर्देश
विद्यालय परिसर में विकसित किचन गार्डन देखकर मंत्री ने इसकी सराहना की। उन्होंने जिले के सभी 14 पोटाकेबिन में किचन गार्डन अनिवार्य रूप से विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को ताजी और पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध होने के साथ-साथ बागवानी, पोषण और पर्यावरण का व्यावहारिक ज्ञान भी मिलेगा।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि बस्तर अंचल के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक आहार, आधुनिक तकनीक और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों को बच्चों की जरूरतों को समझते हुए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक एचआर सोम, समग्र शिक्षा के उप संचालक दिनेश कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, डीएमसी हरीश गौतम, सहायक परियोजना समन्वयक राजेंद्र पाण्डेय सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags
दंतेवाड़ा अपडेट