जगदलपुर :- बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने परिवार सहित दंतेवाड़ा स्थित प्रसिद्ध माँ दंतेश्वरी शक्तिपीठ पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने माँ दंतेश्वरी से बस्तर अंचल सहित समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बस्तर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में माँ दंतेश्वरी का विशेष महत्व है। उन्हें बस्तर की आराध्य देवी के रूप में प्रतिष्ठित स्थान प्राप्त है। बस्तर में शासन करने वाले विभिन्न राजवंशों द्वारा भी माँ दंतेश्वरी की आराधना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की परंपरा रही है। यही कारण है कि माँ दंतेश्वरी का शक्तिपीठ बस्तर की आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का अभिन्न केंद्र माना जाता है। आज भी बस्तरवासियों के मन में माँ दंतेश्वरी के प्रति गहरी श्रद्धा, अटूट विश्वास और भक्ति विद्यमान है।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि माँ दंतेश्वरी का पावन शक्तिपीठ बस्तर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यह मंदिर सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। देश-विदेश से बस्तर आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक माँ दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा अवश्य पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि परिवार सहित माता के चरणों में शीश नवाकर बस्तर की सुख-शांति, समृद्धि और क्षेत्रवासियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की।
Tags
बस्तर अपडेट