दंतेवाड़ा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नई सूची जारी कर दी है। इस सूची में दंतेवाड़ा जिले से भी अहम नियुक्तियां की गई हैं। बचेली ब्लॉक से राजेंद्र कुमार ‘छोटू’ एवं किरंदुल ब्लॉक से श्रीमती राजेंद्र राय को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह नियुक्तियां एआईसीसी पदाधिकारियों एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के साथ विस्तृत चर्चा के बाद की गई हैं। जारी अधिसूचना पर एआईसीसी महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिव सचिन पायलट के हस्ताक्षर हैं।
नव संकल्प घोषणा को आधार बनाकर नियुक्तियां
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि ये नियुक्तियां उदयपुर नव संकल्प घोषणा को ध्यान में रखते हुए की गई हैं। इसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कांग्रेस को तैयार करना है। नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों की पूरी सूची अधिसूचना के साथ संलग्न की गई है।
रणनीति में बदलाव, स्थानीय नेतृत्व को मिली तवज्जो
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बार ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति में रणनीतिक बदलाव देखने को मिला है।
जहां जिला अध्यक्षों की नियुक्ति में कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता दी गई थी, वहीं ब्लॉक अध्यक्षों के चयन में स्थानीय वरिष्ठ नेताओं की पसंद और अनुभव को विशेष महत्व दिया गया है। इसे संगठन के भीतर संतुलन साधने और जमीनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
दंतेवाड़ा में कांग्रेस को मिलेगी नई ऊर्जा
बचेली और किरंदुल जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक और राजनीतिक क्षेत्रों में नई नियुक्तियों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों से दंतेवाड़ा जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
Tags
दंतेवाड़ा अपडेट