युवा संवाद से संगठन को नई ऊर्जा: राहुल असरानी का बचेली–किरंदुल में भव्य स्वागत।

युवाओं की ताकत से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
दंतेवाड़ा।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्री राहुल असरानी के प्रथम दंतेवाड़ा प्रवास पर युवा संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत बचेली एवं किरंदुल में उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उत्साह, संगठनात्मक एकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री कुणाल ठाकुर, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री ओम सोनी, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री पीसे वेट्टी एवं एसटी मोर्चा जिला महामंत्री श्री सोमड़ू कोर्राम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बचेली एवं किरंदुल युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (BTOA) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष तथा BTOA के उपाध्यक्ष श्री राहुल असरानी का फूल-मालाओं, नारों और जोरदार स्वागत के साथ अभिनंदन किया। इसके पश्चात आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, आगामी रणनीति एवं बूथ स्तर तक कार्य विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राहुल असरानी ने कहा कि युवाओं का नेतृत्व करने का अवसर उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि बचेली–किरंदुल की धरती संघर्ष, मेहनत और संगठनात्मक शक्ति की प्रतीक रही है। यहां के कार्यकर्ताओं का उत्साह यह दर्शाता है कि आने वाले समय में युवा मोर्चा जिले में नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का लक्ष्य केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की रीढ़ बताते हुए उन्होंने युवाओं से घर-घर जाकर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

 साथ ही युवाओं से सामाजिक, शैक्षणिक एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। प्रदेश महामंत्री श्री कुणाल ठाकुर ने युवाओं को भाजपा की विचारधारा का संवाहक बताते हुए संगठन विस्तार पर जोर दिया। ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री ओम सोनी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री पीसे वेट्टी ने कहा कि जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन और अधिक सशक्त बनेगा।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती, विजय सोढ़ी, जय भंसाली, जिला उपाध्यक्ष डी.पी. मिश्रा, नगरपालिका उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदनी, भावना सक्सेना, नजमुल हक, अर्जुन भास्कर, धनसिंग नाग, विक्रम नहक, निखिल नाग, भूपेंद्र, रवि भदौरिया, साजन सिंह, उद्देश्य, अर्नब चक्रवर्ती, करण सोनी सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं BTOA के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया

Post a Comment

Previous Post Next Post