रायपुर | 17 फरवरी 2026।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से जुड़े एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से 6.110 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जप्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 3,15,500 रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में संपन्न हुई। अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने सूचना की तस्दीक करते हुए त्वरित घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
पान दुकान के पास बेचने की फिराक में था आरोपी
16 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र के एक्सप्रेस-वे स्थित एक पान दुकान के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री की तैयारी में है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रविन्द्र कुमार सतपथी (54 वर्ष) निवासी काटाभांजी, जिला बलांगीर (उड़ीसा) बताया।
तलाशी लेने पर उसके बैग से अलग-अलग पैकेट में गांजा बरामद हुआ।
नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 49/26 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और End-to-End कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
वर्ष 2026 में अब तक की बड़ी सफलता
एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक:
13 प्रकरणों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया
131.768 किलोग्राम गांजा जप्त
2,04,700 रुपये नगद,
02 चारपहिया वाहन एवं
06 मोबाइल फोन बरामद
कुल जुमला कीमती लगभग 78,25,200 रुपये
संदेश स्पष्ट — नशे के सौदागरों पर कड़ी नजर
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
Tags
रायपुर अपडेट