दंतेवाड़ा :- गमावाड़ा में स्लरी पाइपलाइन पर बवाल।

हाईटेंशन पोल टूटा, चिंगारी से लगी आग – बड़ा हादसा टला, पूर्व सरपंच ने एनएमडीसी पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप। 

दंतेवाड़ा। गमावाड़ा क्षेत्र में चल रहे एनएमडीसी की स्लरी पाइपलाइन कार्य को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को कार्य के दौरान पोकलेन मशीन की टक्कर से हाईटेंशन बिजली पोल टूट गया, जिससे बिजली तार जमीन पर गिर पड़े और चिंगारी से आग लग गई। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़ा हादसा टलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पूर्व सरपंच एवं समाजसेवी जया कश्यप ने मौके पर पहुंचकर कार्य को रुकवाया और कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के दौरान पंचायत क्षेत्र में प्रतिवर्ष 15 से 30 लाख रुपये के विकास कार्य कराने का आश्वासन एनएमडीसी अधिकारियों द्वारा दिया गया था, लेकिन अब तक किसी प्रकार का ठोस विकास कार्य नहीं हुआ।
जया कश्यप ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों को केवल मुआवजे का लालच देकर छला जा रहा है, जबकि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर पाइपलाइन का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उनका कहना है कि आज की घटना से स्पष्ट है कि कार्य में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। यदि समय रहते ग्रामीण सतर्क नहीं होते तो कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी।
उन्होंने यह भी बताया कि बीते दिनों ट्रेलर की चपेट में आकर एक ग्रामीण घायल हो चुका है, वहीं भांसी क्षेत्र में गड्ढे में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। कई स्थानों पर ग्रामीण इस परियोजना से प्रभावित हुए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी केवल उत्पादन लक्ष्य पूरा करने में लगी है, जबकि क्षेत्रीय विकास और ग्रामीणों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन से सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और ग्राम सभा में किए गए वादों को पूरा करने की मांग की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post