गढ़चिरौली माओवादी बैनर-पोस्टर मामले में बड़ा खुलासा, किरंदुल निवासी आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार।

गढ़चिरौली पुलिस ने UAPA समेत गंभीर धाराओं में की कार्रवाई, जांच के तहत किरंदुल स्थित मकान की भी ली तलाशी।

📍किरंदुल | दंतेवाड़ा
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के थाना पिपली (बुर्गी) क्षेत्र में माओवादियों के नाम से लगाए गए बैनर और पोस्टर के मामले में गढ़चिरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस संबंध में थाना पिपली (बुर्गी) में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 तथा गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम (UAPA) 1967 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में किरंदुल निवासी ईश्वर राव, पिता स्व. एस. रामलू, निवासी मकान क्रमांक DS/578, किरंदुल, जिला दंतेवाड़ा की संलिप्तता सामने आने पर उसे 27 जुलाई 2026 को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर गढ़चिरौली पुलिस की टीम 30 जुलाई 2026 को किरंदुल पहुंची और स्थानीय पुलिस की उपस्थिति में आरोपी के मकान की विधिवत तलाशी एवं आवश्यक तस्दीक की कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post