एक पुलिस ऐसे भी,सम्मान की परंपरा सर्व आदिवासी समाज ने स्थानांतरित पुलिस अधिकारियों को दी भावपूर्ण विदाई"

"विश्वास, सहयोग और सामाजिक समरसता की मिसाल—बेहतर पुलिस-जन संवाद को मिला सम्मान।"


दंतेवाड़ा, 5 अगस्त। सर्व आदिवासी समाज जिला इकाई दंतेवाड़ा द्वारा बस स्टैंड स्थित आदिवासी विश्राम भवन में स्थानांतरित हुए पुलिस अधिकारियों के सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन, जिनका स्थानांतरण रायपुर हुआ है, तथा एसडीओपी राहुल उईके, जिनका स्थानांतरण रायगढ़ हुआ है, का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में सहज, सौम्य और जनहितैषी कार्यशैली से समाज का विश्वास अर्जित किया। उन्होंने आमजन और सर्व आदिवासी समाज के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी विश्वास का वातावरण मजबूत करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन और समाज के बीच संवाद एवं सहयोग की भावना ही विकास और शांति का आधार है। ऐसे अधिकारी अपनी कार्यशैली से केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियां ही नहीं निभाते, बल्कि लोगों के दिलों में भी सम्मान का स्थान बना लेते हैं। दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण पर समाज ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष सुरेश कर्मा, मूल बस्तरिया समाज के जिला अध्यक्ष सत्यनारायण कर्मा, कोया समाज के जिला अध्यक्ष बल्लू भवानी, महासचिव धीरज राना, मंगल सिंह बघेल, सत्यनारायण ठाकुर, नोमेश पिद्दा ठाकुर, नागेश जायसवाल, अर्जना कारम, मिश्रीलाल नायक, आशा राम कर्मा, हेमंत ठाकुर, संपत यालम, कुम्मा बारसा, जे.आर. वट्टी सहित सर्व आदिवासी समाज एवं मूल बस्तरिया समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post