दंतेवाडा भाजपा ओबीसी मोर्चा की पहली जिला कार्यसमिति बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और ओबीसी सशक्तिकरण पर रहा जोर।

माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद से हुआ शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान। 
दंतेवाड़ा। भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रथम जिला कार्यसमिति बैठक सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय दंतेवाड़ा में जिलाध्यक्ष ओम सोनी के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत माँ दंतेश्वरी के पावन दरबार में पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल नेतृत्व की मंगलकामना की गई।
बैठक में मुख्य वक्ता एवं बस्तर संभाग प्रभारी हेमराज सोनी ने संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में ओबीसी समाज की लगभग 52 प्रतिशत आबादी है और 92 जातियां इस वर्ग में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने में ओबीसी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, इसलिए मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।
बैठक को संबोधित करते हुए दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और समाज के हर वर्ग के बीच भाजपा की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष ओम सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार को मजबूत बनाने में ओबीसी मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका है। मोर्चा केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को पिछड़े वर्ग तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में ओबीसी मोर्चा अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
बैठक में जिला प्रभारी हरि साहू, सह प्रभारी मुरली कृष्ण नायडू, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी गजानंद मानिकपुरी, बीजापुर प्रभारी विनोद साहू, सह प्रभारी दशरथ साहू, सुकमा प्रभारी खिरेन्द्र ठाकुर, छत्तीसगढ़ महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, सांसद प्रतिनिधि नवीन विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य कमला विनय नाग सहित भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पंकज शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री संतोष साहू ने व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों को माँ दंतेश्वरी का छायाचित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post