केलक्ट्रेट के सामने पटवारियों का एक दिवसीय प्रदर्शन।
दंतेवाड़ा।
राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़, जिला इकाई दंतेवाड़ा के बैनर तले सोमवार को पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर दंतेवाड़ा को ज्ञापन सौंपते हुए पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू करने तथा वेतन विसंगति दूर करने की मांग की गई।
पटवारी संघ का कहना है कि वर्तमान में पटवारियों के लिए पदोन्नति की कोई निश्चित समय-सीमा निर्धारित नहीं है, जिसके कारण अनेक कर्मचारी पूरी सेवा पटवारी पद पर ही बिताकर सेवानिवृत्त हो जाते हैं। इससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होने के साथ प्रशासनिक कार्यक्षमता पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
संघ ने मांग की है कि राजस्व निरीक्षक (RI) के पदों पर सीधी भर्ती पूरी तरह बंद की जाए तथा सभी रिक्त पदों को केवल पटवारियों की पदोन्नति से भरा जाए। साथ ही पदोन्नति का 50 प्रतिशत वरिष्ठता और 50 प्रतिशत विभागीय परीक्षा के आधार पर किया जाए तथा वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को तत्काल प्रारंभ किया जाए।
ज्ञापन में वेतन विसंगति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ का आरोप है कि विभिन्न भर्ती बैचों के पटवारियों के वेतन निर्धारण में गंभीर असमानता है। कुछ मामलों में ग्रेड-पे बढ़ने के बावजूद मूल वेतन कम निर्धारित किया गया, जो वेतन संरचना के मूल सिद्धांतों के विपरीत है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान, लेखा सत्यापन में कठिनाइयाँ, रिकवरी की आशंका तथा भविष्य में वेतनवृद्धि, पदोन्नति और पेंशन जैसे सेवा लाभों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
राजस्व पटवारी संघ ने सरकार से मांग की है कि वेतन विसंगति का परीक्षण कर उसका शीघ्र एवं न्यायोचित निराकरण किया जाए, ताकि प्रदेश के सभी पटवारियों को आर्थिक एवं सेवा संबंधी न्याय मिल सके। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
Tags
दंतेवाड़ा अपडेट