एक्सचेंज के नाम पर खेल? बीआर बालाजी महिंद्रा पर वाहन हड़पने और लाखों की रकम रोकने का आरोप।

बीआर बालाजी एलएलपी पर दो वाहन मालिकों का गंभीर आरोप, महीनों से चक्कर काट रहे पीड़ित
जगदलपुर। नगर के गीदम रोड स्थित महिंद्रा डीलर बीआर बालाजी एलएलपी एक बार फिर विवादों में घिर गया है। सुकमा और दंतेवाड़ा जिले के दो वाहन मालिकों ने संस्थान पर वाहन हड़पने, पैसे न लौटाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों पीड़ितों ने पत्रकार वार्ता कर पूरे मामले को सार्वजनिक किया और न्याय की मांग की है।
🔴 एक्सचेंज के नाम पर 4.17 लाख का खेल?
सुकमा जिले के कोंटा निवासी मोहम्मद खलील खान ने बताया कि उन्होंने जून 2024 के प्रथम सप्ताह में अपनी महिंद्रा बोलेरो जेडएलएक्स (क्रमांक CG 18L 6878) मरम्मत के लिए बीआर बालाजी एलएलपी, पंडरीपानी, जगदलपुर में छोड़ी थी।
मरम्मत के दौरान शोरूम के कर्मचारी स्वर्णिम चौहान से बातचीत में बोलेरो को एक्सचेंज कर नई स्कॉर्पियो लेने की सहमति बनी। 10 जून 2024 को मरम्मत खर्च काटकर 4 लाख 17 हजार रुपए में एक्सचेंज अनुबंध तय हुआ और वाहन आरूतेश ठाकुर को हैंडओवर कर दिया गया।
खलील खान का आरोप है कि जब वे कुछ समय बाद नई गाड़ी लेने शोरूम पहुंचे, तो एक्सचेंज मैनेजर नीरज तिवारी ने साफ कह दिया कि उनकी गाड़ी संस्थान में आई ही नहीं।
हालांकि कर्मचारी स्वर्णिम चौहान ने उनके सामने स्वीकार किया कि वाहन एक्सचेंज में जमा हुआ है। इसके बाद भी प्रबंधन ने उन्हें “कुछ दिन बाद आने” का आश्वासन देकर टाल दिया।
पीड़ित का कहना है कि वे पिछले 5–6 महीनों से शोरूम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन न तो उन्हें उनकी बोलेरो वापस मिली, न 4.17 लाख रुपए और न ही नई गाड़ी।
उन्होंने शोरूम संचालक राजीव कपूर से भी संपर्क किया, जिन्होंने मामला संज्ञान में होने की बात कही, परंतु आज तक समाधान नहीं निकला।
खलील खान का सीधा आरोप है कि उनकी बोलेरो को बेचकर संस्थान के कर्मचारियों ने छलपूर्वक ठगी की है।
🔴 महिला ने लगाया 12 लाख से अधिक की मांग का आरोप
दंतेवाड़ा जिले के बड़े बचेली वार्ड-3 निवासी श्रीमती बलविन्दर माकन ने भी बीआर बालाजी एलएलपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि उनका वाहन (CG 17 KZ 8721) 3 फरवरी को आरएसए के तहत टोइंग वैन से बचेली से जगदलपुर शोरूम लाया गया था। लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी उन्हें वाहन की स्थिति की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
बलविन्दर माकन का आरोप है कि अब संस्थान द्वारा 12 लाख 62 हजार 946 रुपए की मांग की जा रही है और कहा जा रहा है कि राशि जमा करने पर ही वाहन दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनका वाहन मार्च 2025 में कांकेर स्थित ताज मोटर को बेच दिया गया और उसकी राशि भी बीआर बालाजी द्वारा अपने खाते में ले ली गई, जबकि उन्हें कोई स्पष्ट हिसाब नहीं दिया गया।
महिला का कहना है कि संस्थान के मालिक राजीव कपूर, उनके पुत्र तुषार कपूर, प्रबंधक आशीष तिवारी, नीरज तिवारी एवं सर्विस मैनेजर देवव्रत द्वारा उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है, तो उसके लिए पूरी तरह से बीआर बालाजी एलएलपी, जगदलपुर प्रबंधन जिम्मेदार होगा।
⚖️ बढ़ सकता है विवाद
दो अलग-अलग जिलों के वाहन मालिकों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों से शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पीड़ितों ने प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या पीड़ितों को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post